

राम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूप में सजे बच्चों का किया गया पूजन, गीत और समूह नृत्य से भक्तिमय हुआ विद्यालय परिसर
संस्थापक एवं प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने बच्चों को अच्छे कर्म करने और धर्म के मार्ग पर चलने का दिया संदेश
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में शनिवार को दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने धार्मिक गीतों और समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, निर्देशिका श्रीमती कंचन यादव, प्रधानाचार्य सुकांशा अवस्थी तथा उपप्रधानाचार्य संजय कुमार विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद राम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूप में सजे बच्चों का पूजन किया गया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने दुर्गा पूजा गीत और समूह नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और विद्यालय का वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने बच्चों को दुर्गा पूजा और दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने बुराई का अंत कर अच्छाई की जीत सुनिश्चित की, उसी प्रकार सभी को अपने जीवन में अच्छे कर्म करने चाहिए और सदैव धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए।

विद्यालय की प्रधानाचार्य सुकांशा अवस्थी ने भी विद्यार्थियों को दुर्गा पूजा और दशहरे की बधाई दी। उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के बारे में संक्षिप्त जानकारी देते हुए उनके महत्व से बच्चों को परिचित कराया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
