सब जूनियर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए 21 अक्टूबर तक भेजें प्रविष्टि

Sports आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि वाली प्रतियोगिता 29 अक्टूबर से आजमगढ़ में होगी शुरू, 1 जनवरी 2014 के बाद जन्मे खिलाड़ी कर सकेंगे प्रतिभाग
सुखदेव पहलवान स्टेडियम में होगा राज्य स्तरीय मुकाबला, बालक-बालिका एकल व युगल वर्गों में होगा आयोजन

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, आजमगढ़ के तत्वावधान में आगामी 29 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक स्थानीय सुखदेव पहलवान स्टेडियम में सब जूनियर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए कुल एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
चैंपियनशिप के क्वालीफाइंग राउंड (अर्हता चक्र) में प्रतिभाग करने के इच्छुक आजमगढ़ के खिलाड़ियों के लिए प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे खिलाड़ी, जिनका जन्म 1 जनवरी 2014 के बाद हुआ है, वे 21 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक आयोजन सचिव के मोबाइल नंबर 7905824339 पर अपनी प्रविष्टि भेज सकते हैं।
आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाली प्रविष्टियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे में प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक पात्र खिलाड़ियों से समय रहते अपनी प्रविष्टि भेजने की अपील की गई है।
प्रतियोगिता में चार वर्गों में मुकाबले होंगे। इनमें बालक एकल, बालिका एकल, बालक युगल और बालिका युगल शामिल हैं। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
चैंपियनशिप के टूर्नामेंट सेक्रेटरी सत्येंद्र उपाध्याय एवं व्यवस्था प्रमुख पवन पांडेय ने संयुक्त वक्तव्य में प्रतियोगिता की जानकारी दी। वहीं, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. डीपी राय और सचिव डॉ. पीयूष कुमार सिंह ने जनपद के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों, विद्यालयों और अभिभावकों से प्रतियोगिता का लाभ उठाने तथा खिलाड़ियों को उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *