अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर सिंघड़ा गांव के पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, वाहन चालक फरार

आजमगढ़ से घर लौटते समय हुआ हादसा, सिर में गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही तोड़ा दम

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर रविवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार बरदह थाना क्षेत्र के बेला खास गांव निवासी आनंद सिंह (30) पुत्र स्व. अवधू सिंह रविवार को किसी आवश्यक कार्य से आजमगढ़ गए थे। काम पूरा करने के बाद वह रात करीब नौ बजे बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आनंद सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आनंद सिंह की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य माध्यमों से हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
पानी सप्लाई का काम कर परिवार चलाते थे आनंद
बताया गया कि आनंद सिंह पानी सप्लाई का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अंजली सिंह समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की करीब एक वर्ष की मासूम बच्ची भी है। कम उम्र में पिता का साया उठ जाने से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *