नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर पंजाब ले जाने का आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ शहर


बिलरियागंज पुलिस ने भीमबर नहर पुलिया के पास दबोचा, किशोरी को पहले ही बरामद कर परिजनों को सौंप चुकी है पुलिस

हिंदी न्यूज़ 24
बिलरियागंज/आजमगढ़। नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर पंजाब ले जाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को बिलरियागंज पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को भीमबर नहर पुलिया के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल कुमार पुत्र महेश राजभर उर्फ महेंद्र सिंह, निवासी महडौड का पुरा, थाना रौनापार, आजमगढ़, हाल पता खैराबाद रोपड़, थाना चमकौर साहिब, जनपद रूपनगर (पंजाब), उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई 2026 को बिंदवल निवासी अमित राजभर ने बिलरियागंज थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि उनके घर पर रिश्तेदार का लड़का विशाल कुमार कुछ दिनों तक काम करता था। काम समाप्त होने के बाद वह अपने घर चला गया। आरोप है कि इसके बाद उसने वादी की करीब 15 वर्षीय बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ पंजाब ले गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने किशोरी को 20 सितंबर 2026 को बरामद कर लिया था। इसके बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी।
सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित विशाल कुमार बीबीपुर की तरफ से भीमबर नहर पुलिया की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक इसरार अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रास्ते में करीब 200 मीटर आगे घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बिलरियागंज में मुकदमा अपराध संख्या 194/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 87, 137(2), 65(1) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना बयान न्यायालय में अधिवक्ता के माध्यम से देने की बात कही। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक इसरार अहमद, कांस्टेबल छट्ठु साहनी तथा रिजर्व कांस्टेबल ओमकार सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *