नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, दूसरे दिन मिला शव

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास खड़ी मिली बुलेट और कपड़े, कंहेनपुर गांव के पास नदी में उतराया मिला शव

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में नदी में नहाने गए 36 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। सोमवार सुबह कंहेनपुर गांव के पास नदी में युवक का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवखरी गांव निवासी झारखंडेय उपाध्याय (36) के रूप में हुई।
बताया गया कि झारखंडेय रविवार सुबह बुलेट बाइक से घर से निकला था। दोपहर में वह चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास पहुंचा। यहां उसने अपनी बुलेट खड़ी की और कपड़े उतारकर नदी में नहाने चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई।
बुलेट और कपड़े देखकर गहराया शक
देर शाम तक युवक का पता नहीं चलने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। रात करीब 10 बजे चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास उसकी बुलेट खड़ी मिली। बाइक के पास युवक के कपड़े भी पड़े थे। इससे उसके नदी में डूबने की आशंका और गहरा गई।
परिजनों व ग्रामीणों ने देर रात तक नदी और आसपास के इलाके में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह नदी में उतराता मिला शव
सोमवार सुबह कंहेनपुर गांव के पास नदी में लोगों ने एक युवक का शव पानी में उतराया देखा। सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पहचान के बाद शव झारखंडेय उपाध्याय का होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
युवक का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों और गांव में पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *