
घर के सामने गली में खेल रही थी अलीना, अचानक भरभराकर गिरी ईंट की दीवार, परिवार में मचा कोहराम
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। अनन्तपुरा गुरुटोला में सोमवार को दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के सामने गली में खेल रही बच्ची अचानक जर्जर ईंट की दीवार गिरने से मलबे में दब गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं मोहल्ले में भी मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार अनन्तपुरा गुरुटोला के सभासद मोहम्मद अफजल की सबसे छोटी बेटी अलीना (6) सोमवार दोपहर करीब दो बजे अपने घर के सामने गली में खेल रही थी। इसी दौरान मोहल्ला निवासी फकरे आलम की जमीन पर बनी जर्जर ईंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से अलीना दब गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बच्ची को मलबे से निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद जेसीबी मंगाकर मलबा हटाया गया और मासूम के शव को बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मोहल्ले के अन्य बच्चे भी बाल-बाल बचे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस समय जर्जर दीवार गिरी, उस दौरान आसपास मोहल्ले के एक-दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे। गनीमत रही कि वे इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद लोगों ने जर्जर दीवारों को लेकर चिंता जताई।
तीन बहनों में सबसे छोटी थी अलीना
अलीना तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की असमय मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।