फरिहा में मौसमी बुखार की खबर से हड़कंप, गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, बच्ची की मौत बुखार से नहीं

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने ग्रामीणों से की बातचीत, पीएचसी पर मरीजों की जांच कर बांटी दवाएं, बासी भोजन से बचने की दी सलाह

हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर। विकासखंड रानी की सराय के फरिहा गांव में मौसमी बुखार फैलने की चर्चा के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय के नेतृत्व में टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और गांव की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि गांव में किसी अन्य व्यक्ति में गंभीर बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कैप्टन डॉ. मनीष तिवारी समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से बातचीत की। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने और किसी भी तरह के बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई।


पेट दर्द और उल्टी के बाद हुई थी बच्ची की मौत
मीडिया से बातचीत में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय ने बताया कि फरिहा गांव में किसी अन्य व्यक्ति में किसी प्रकार के वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। जिस बच्ची की मौत हुई थी, उसकी मौत पेट दर्द और उल्टी के कारण हुई थी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग मामले की निगरानी कर रहा है और आवश्यक जांच एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


पीएचसी पहुंचकर मरीजों की जांच, बांटी दवाएं
गांव का भ्रमण करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरिहा पहुंची। यहां अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने मरीजों की स्वयं जांच की और उन्हें दवाएं वितरित कीं। मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर बीमारी से बचाव के उपाय भी बताए गए।


बासी भोजन से बचने की दी सलाह
डॉ. उमाशरण पांडेय ने ग्रामीणों से अपील की कि बच्चों को हमेशा ताजा भोजन दें। बासी भोजन खुद भी न खाएं और बच्चों को भी न खिलाएं। उन्होंने कहा कि खानपान में सावधानी बरतकर कई तरह की बीमारियों से परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम रही मौजूद
इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कैप्टन डॉ. मनीष तिवारी, डॉ. शादाब, डॉ. विनोद, ग्राम प्रधान अबूबकर खान, राजेश यादव, डॉ. सलमान फैजी, फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा, कांस्टेबल रवि मौर्य, अमर बहादुर सिंह, साधना, क्रंदन राय समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *