
सपा का आरोप- रिहाई के बाद सीओ सिटी ने छात्रों को डराया, कहा- राजनीति से दूर रहो, बढ़ते अपराध और जमीन कब्जे का भी मुद्दा उठाया
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। आरएसएस के कार्यक्रम में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार के अध्यक्षता करने के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। एक सितंबर को विरोध प्रदर्शन के दौरान 15 छात्रों को पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर कोतवाली सदर के लॉकअप में करीब सात घंटे तक बंद रखने का आरोप लगाते हुए सपा प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की।

सपा नेताओं का आरोप है कि हिरासत के दौरान छात्रों के साथ गाली-गलौज की गई। सात घंटे तक लॉकअप में रखने के बावजूद पानी मांगने पर भी छात्रों को पानी नहीं दिया गया। आरोप है कि रिहाई के बाद सीओ सिटी ने छात्रों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और भयभीत करते हुए राजनीति से दूर रहने की बात कही।
एसएसपी से मुलाकात के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकार हैं। पुलिस के कथित रवैये से छात्रों में आक्रोश है और अधिकारियों के ऐसे व्यवहार से प्रशासन व जनता के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने जिले में बढ़ते अपराध, पीडीए वर्ग के लोगों के कथित उत्पीड़न, शिकायतों पर मुकदमा दर्ज न करने, थानों-तहसीलों में कथित धन उगाही और दबंगों के प्रभाव में कार्रवाई किए जाने के आरोप भी लगाए। सपा नेताओं ने भाजपा नेताओं के प्रभाव में जमीनों पर जबरन कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी धरना-प्रदर्शन करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक अखिलेश यादव, डॉ. संग्राम यादव, कमलाकांत राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव समेत कई नेता मौजूद रहे।