मासूम की हत्या पर गरजे विधायक संग्राम यादव, बोले- न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ खड़े रहेंगे

आजमगढ़ आजमगढ़ ग्रामीण राजनीत

10 वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या से आक्रोश, पीड़ित परिवार से मिले अतरौलिया विधायक; आरोपी पुलिसकर्मी पर कठोर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़ । कप्तानगंज थाना क्षेत्र के टहरकिशुनदेवपुर गांव निवासी रिंटू शर्मा की 10 वर्षीय बेटी की गोरखपुर जिले में दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अतरौलिया क्षेत्र के विधायक डॉ. संग्राम यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और परिजनों को हरसंभव मदद तथा न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिलाया।


विधायक ने कहा कि वह परिजनों से मिलने पहले ही आना चाहते थे, लेकिन विधानसभा सत्र चलने के कारण आने में विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि अपनी पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। न्याय की लड़ाई में जहां भी उनकी जरूरत होगी, वह परिवार के साथ खड़े मिलेंगे।


डॉ. संग्राम यादव ने घटना को बेहद गंभीर और मानवता को शर्मसार करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि मासूम बच्ची के साथ जिस तरह की वारदात हुई है, उसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले में आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।


विधायक ने मुख्यमंत्री से भी ऐसे जघन्य अपराध में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने प्रदेश सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।


16 अगस्त तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
इस दौरान नाई समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष हनुमान शर्मा ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। उन्होंने सरकार से परिजनों को दो करोड़ रुपये का आर्थिक मुआवजा देने और दोषी को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। हनुमान शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि 16 अगस्त तक मामले में ठोस न्यायिक कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में मासूम बच्ची के साथ हुई घटना को समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। सरकार को मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र यादव, बर्मन यादव, श्याम घर चौबे, हरहर महादेव, बालदीन, श्यामलाल यादव, गंगाधर, फुल्लू यादव, लालमन यादव, मंदीप चौबे, सुनील सिंह, पंकज सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *