बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, ताले तोड़कर दो सोने की चेन समेत लाखों का माल पार!

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


अगस्त से ओडिशा में परिवार के साथ रह रहे थे मकान मालिक, रविवार को लौटे तो घर के अंदर बिखरा मिला सामान, चोरी के माल को लेकर तहरीर और पीड़ित के बयान में सामने आया अंतर

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के जमीन रसूलपुर गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के पीछे लगे चैनल का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कई कमरों के दरवाजों व अलमारियों को खंगाल डाला। मकान मालिक परिवार के साथ ओडिशा से रविवार को घर लौटे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर से सोने की दो चेन गायब थीं।
जानकारी के मुताबिक, जमीन रसूलपुर गांव निवासी अनुराग चौहान पुत्र राम अवध चौहान अगस्त महीने में मकान बंद कर परिवार के साथ ओडिशा चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को अपना निशाना बना लिया। चोरों ने सबसे पहले घर के पीछे लगे चैनल का ताला तोड़ा और फिर अंदर दाखिल होकर कमरों के दरवाजों तथा अलमारी के लॉकर को निशाना बनाया। घर में रखे कीमती सामान को खंगालने के बाद चोर सोने की चेन समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
रविवार को अनुराग चौहान परिवार के साथ वापस घर पहुंचे तो मकान की हालत देखकर सन्न रह गए। घर के पीछे चैनल का ताला टूटा था और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखी सोने की चेन गायब मिलीं। घटना की जानकारी होते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी।
दो और एक भर की सोने की चेन गायब होने का दावा
पीड़ित परिवार की महिला सदस्य के मुताबिक, अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी दो सोने की चेन चोरी कर ली गई हैं। इनमें एक चेन दो भर और दूसरी एक भर की बताई गई है। महिला ने बताया कि अभी परिवार घर के सभी कमरों और सामान की पूरी तरह जांच भी नहीं कर पाया है। ऐसे में चोरी और नुकसान का वास्तविक आकलन करना मुश्किल है। घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
तहरीर और बयान में चोरी के सामान को लेकर अंतर
इस मामले में एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी सामने आया है कि पुलिस को दी गई लिखित तहरीर और पीड़ित की ओर से दी गई जानकारी में चोरी हुए सामान के विवरण को लेकर अंतर है। तहरीर में एक सोने की चेन का उल्लेख है, जबकि पीड़ित परिवार की महिला सदस्य ने दो सोने की चेन चोरी होने की बात बताई है। चोरी गए सामान की वास्तविक संख्या और कुल कीमत का पता पुलिस की जांच तथा परिवार की ओर से पूरी जानकारी दिए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल बंद मकान में हुई चोरी की इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *