

शाहगढ़ स्थित इंटर कॉलेज में रंगोली कार्यक्रम में शामिल होने गई थी 14 वर्षीय छात्रा, परिजनों ने प्रधानाचार्य और शिक्षक समेत तीन लोगों पर लगाए प्रताड़ना के गंभीर आरोप
मौत से पहले मां और चाचा को बताई आपबीती, थाने में दी गई तहरीर, पुलिस जांच में जुटी, परिवार में मचा कोहराम
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने शाहगढ़ स्थित एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षक समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा शुक्रवार को विद्यालय में आयोजित रंगोली कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। आरोप है कि विद्यालय में समोसा खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। घर पहुंचने पर हालत और गंभीर हो गई। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि छात्रा कक्षा नौ में पढ़ती थी। शुक्रवार को विद्यालय में आयोजित रंगोली कार्यक्रम में उसने प्रतिभाग किया था। दोपहर करीब 3:30 बजे वह विद्यालय से अपने घर पहुंची। घर आने के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। घबराए परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां देर शाम उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया।
मौत से पहले मां और चाचा को बताई आपबीती
परिजनों के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद छात्रा ने अपनी मां और चाचा को विद्यालय में अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया था। आरोप है कि विद्यालय में उसे पहले समोसा खिलाया गया और इसके बाद उसके साथ प्रताड़ना की गई। परिजनों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, एक शिक्षक समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में आक्रोश व्याप्त है।
थाने में दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
मामले में परिजनों की ओर से संबंधित थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना ने विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा और उनकी देखरेख को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।