
वासदेई मेमोरियल हॉस्पिटल की पहल पर श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में लगा चिकित्सा शिविर, स्कूल आईकार्ड दिखाने पर अस्पताल में भी मिलेगी मुफ्त परामर्श व दवा की सुविधा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। नगर के सिविल लाइंस स्थित वासदेई मेमोरियल हॉस्पिटल की ओर से श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कक्षा एक से आठ तक के 302 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। चिकित्सकों की इस पहल से बच्चों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली।

शिविर में नवजात, शिशु एवं किशोर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकुर अग्रवाल तथा सर्जन डॉ. नेहा गुप्ता ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान डॉ. अंकुर अग्रवाल ने बदलते मौसम में बच्चों को होने वाली सर्दी, खांसी और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों के प्रति सचेत किया। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को सलाह दी कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और शरीर को पूरी तरह ढककर रखें।
स्कूल आईकार्ड पर अस्पताल में भी मिलेगी मुफ्त सुविधा
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज का कोई भी विद्यार्थी अपना स्कूल आईकार्ड लेकर वासदेई मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचता है तो उसे डॉक्टर का परामर्श और दवाइयां पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इस घोषणा को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण पहल माना गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका सोनी और रोटरी क्लब अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल ने वासदेई मेमोरियल हॉस्पिटल की पूरी टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयां और अस्पताल में आगे भी मुफ्त परामर्श एवं दवा की सुविधा उपलब्ध कराना समाजसेवा का सराहनीय उदाहरण है।
शिविर को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर ओम प्रकाश अग्रवाल लड्डू, श्याम प्रकाश अग्रवाल, अमृत अग्रवाल, सुदेश सिंह, राजीव श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।