सीएमओ के औचक निरीक्षण में ऊंची गोदाम स्वास्थ्य केंद्र पर मिली अव्यवस्था, सफाई व्यवस्था में सुधारने के निर्देश

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


रानी की सराय में भी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जिले के 76 केंद्रों पर लगे आरोग्य मेले में 1877 मरीजों का पंजीकरण

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने रविवार को ऊंची गोदाम और रानी की सराय स्थित स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ऊंची गोदाम के नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र पर कर्मचारियों की कम उपस्थिति और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था सामने आई। इस पर सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। वहीं रानी की सराय स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के संचालन और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ऊंची गोदाम स्थित नवनिर्मित एवं हाल ही में हस्तांतरित स्वास्थ्य केंद्र पर अपेक्षाकृत कम संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। संबंधित चिकित्सक की जेल ड्यूटी में तैनाती के कारण उनकी अनुपस्थिति की जानकारी मिली। इस दौरान उपचार के लिए पहुंचे मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद सीएमओ रानी की सराय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन होता मिला। निर्धारित ड्यूटी के अनुसार चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे तथा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही थीं। हालांकि भवन पुराना होने के कारण साफ-सफाई और रखरखाव में सुधार की जरूरत मिली। सीएमओ ने केंद्र अधीक्षक कैप्टन डॉ. मनीष तिवारी को परिसर की स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
76 केंद्रों पर 1877 मरीजों का हुआ पंजीकरण
जिले में एक नवंबर को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत निर्धारित सभी 76 स्वास्थ्य केंद्रों पर शिविर आयोजित किए गए। इनमें कुल 1877 मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें 796 पुरुष, 785 महिलाएं और 296 बच्चे शामिल रहे। मरीजों को उपचार एवं परामर्श देने के लिए 84 चिकित्सक और 328 पैरामेडिकल कर्मी तैनात रहे। इस दौरान 48 आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
मेले में पहुंचे मरीजों में 334 मधुमेह, 306 गैस्ट्रो, 222 त्वचा रोग, 181 श्वसन संबंधी बीमारियों, 119 उच्च रक्तचाप, 93 गर्भवती महिलाएं, 36 लीवर, 26 एनीमिया और छह क्षय रोग से संबंधित मरीज शामिल रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला शासन की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *