धान के खेत में गिरी आकाशीय बिजली, महिला की मौत, छह झुलसीं

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


बरदह के लसड़ा कला गांव में हादसा, खेत में निराई कर रही थीं महिलाएं; दो की हालत गंभीर
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा कला गांव के सिवान में गुरुवार को धान के खेत में निराई कर रही महिलाओं पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 40 वर्षीय नीतू देवी की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं झुलस गईं। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।


ग्रामीणों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। नीतू देवी, अनीता देवी और रेनू देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुजा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। गर्भवती अनीता देवी और रेनू देवी की हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल जौनपुर रेफर किया गया।


वहीं राधिका देवी, सरिता, संजना और गीता देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


नीतू की मौत से परिवार में कोहराम
नीतू देवी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि नीतू के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि पंचनामा तैयार कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नियमानुसार परिजनों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


घटना की जानकारी मिलने पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व्यापार प्रकोष्ठ शैलेंद्र सिंह गुड्डू भी मौके पर पहुंचे और मृतका के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने घायलों का हाल जाना और बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों से वार्ता की। ग्रामीणों ने मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित उपचार की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *