

सीओ सिटी शुभम तोदी ने सिधारी और कोतवाली क्षेत्र में किया भ्रमण, स्थानीय लोगों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील, पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस अलर्ट है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में शनिवार को क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने थाना सिधारी और कोतवाली क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से जनसंवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही आमजन से संवाद स्थापित कर त्योहार को शांतिपूर्ण और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।
