
17 फर्जी नियुक्ति पत्र और कूटरचित दस्तावेज बरामद, कई अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी मुबारकपुर पुलिस
आजमगढ़। सरकारी स्कूल एवं एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को मुबारकपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र समेत कई कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह ने कई लोगों को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर धोखाधड़ी की है और मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुबारकपुर पुलिस ने रविवार को मुकदमे में वांछित आरोपी रितेश वर्मा (40) निवासी पुरानी बस्ती, मुबारकपुर को रोडवेज तिराहे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, एक महिला की शिकायत पर 1 अगस्त 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि रितेश वर्मा, संदीप गुप्ता और उनके अन्य साथियों ने सरकारी स्कूल एवं एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने के नाम पर प्रति अभ्यर्थी 1.35 लाख रुपये वसूल किए। इसके बाद ‘Max Idea’ के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लोगों को ठग लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूलता था। पुलिस को गिरोह द्वारा इस तरह की कई अन्य वारदातों की जानकारी भी मिली है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र तथा अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।