यातायात माह शुरू, जागरूकता रैली निकाल पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


एएसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, 30 नवंबर तक चलेगा जागरूकता और कार्रवाई का अभियान

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित रैली रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू होकर कलेक्ट्रेट चौराहा, अग्रसेन चौराहा, विशाल मेगा मार्ट और घंटाघर सहित शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से गुजरी। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।
इस मौके पर एएसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव ने जनपदवासियों से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों की अनदेखी न करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के साथ यातायात संकेतों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से ओवरटेकिंग करें।
उन्होंने दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इसलिए सड़क पर खुद की सुरक्षा के साथ दूसरों की जान की जिम्मेदारी भी समझना जरूरी है।
कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल यादव, क्षेत्राधिकारी यातायात किरण पाल सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकान्त ओझा, प्रभारी निरीक्षक यातायात संजय कुमार पाल सहित यातायात एवं जनपदीय पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यातायात माह एक नवंबर से 30 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पुलिस की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान का उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *