
जिला जज जयप्रकाश पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, दिव्यांगों को बांटी गईं ट्राईसाइकिलें और लाभार्थियों को मिले प्रमाणपत्र व चेक
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर में रविवार को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए 34 स्टॉलों के माध्यम से करीब 878 लाभार्थियों को अलग-अलग योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, प्रतीकात्मक चेक और दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीवानी न्यायालय के हॉल ऑफ जस्टिस में जिला जज जयप्रकाश पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि मेगा कैंप का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
शुभारंभ के बाद जिला जज सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत कर योजनाओं की जानकारी ली और उन्हें लाभान्वित किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए शिविर में शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। कई न्यायिक अधिकारियों ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके साथ ही नेत्र परीक्षण शिविर के माध्यम से लोगों की आंखों की जांच की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अंकित वर्मा ने बताया कि मेगा कैंप में जिला जज, एसपी सिटी और अन्य न्यायिक अधिकारियों ने लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। वहीं, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल प्रदान कर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ा गया।
कार्यक्रम में एसपी सिटी मानुष पारीख, डीडीओ संजय कुमार, अपर जिला जज विजय कुमार वर्मा, ओम प्रकाश मिश्रा, अजय श्रीवास्तव, बालकृष्ण एन रंजन, अनुपम कुमार त्रिपाठी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह, सिविल जज सीनियर रश्मि चन्द, एसीजेएम नीतिका राजन, केआर आनंद, अतुल पाल, फराज हुसैन, रविकांत, आशुतोष मणि, वीनस कुमार, कामाक्षी सागर, प्रवीण प्रियदर्शी, सौरभ कुमार, निहारिका यादव, रिपुदमन सिंह, अभिषेक स्वामी, आदेश प्रताप सिंह, अक्षत सोनकर, रामेष्टधर द्विवेदी, वंशिका श्रीवास्तव, अनामिका सिंह, जाह्नवी, अंकिता गोंड सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।