ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ, छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

मिशन हॉस्पिटल परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

आजमगढ़। मिशन हॉस्पिटल परिसर में क्रिश्चियन हॉस्पिटल आजमगढ़ स्कूल ऑफ नर्सिंग एवं मिशन कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।


समारोह के मुख्य अतिथि मिशन हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अशोक कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि संस्था की प्रेसिडेंट श्रीमती बीना सिंह रहीं। दोनों अतिथियों ने ध्वजारोहण कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।


युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : डॉ. अशोक कुमार सिंह
मुख्य अतिथि डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके अथक प्रयासों से देश को स्वतंत्रता मिली।


उन्होंने कहा कि देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी को जीवन का आधार बनाना चाहिए।


नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर संस्था, परिवार और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।


सेवा भावना और मानवीय संवेदना को अपनाएं : बीना सिंह
विशिष्ट अतिथि श्रीमती बीना सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश की सबसे बड़ी शक्ति है। विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, मानवता और सेवा भावना को भी जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नर्सिंग एवं पैरामेडिकल क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थी समाज के स्वास्थ्य और कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मरीजों की सेवा करते समय संवेदनशीलता, धैर्य और मानवीय व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने तथा माता-पिता, गुरुजनों और संस्था का सम्मान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।


देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान क्रिश्चियन हॉस्पिटल आजमगढ़ स्कूल ऑफ नर्सिंग के प्रधानाचार्य संदीप मौर्य ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, ईमानदारी एवं सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। समारोह में मिशन हॉस्पिटल के स्टाफ के साथ क्रिश्चियन हॉस्पिटल आजमगढ़ स्कूल ऑफ नर्सिंग एवं मिशन कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *