
यश्विक जायसवाल ने पियानो पर राष्ट्रगान की शानदार प्रस्तुति देकर मोहा मन, नर्सिंग विद्यार्थियों ने भी दी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां
आजमगढ़। लच्छीरामपुर स्थित वेदांता हॉस्पिटल परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वेदांता हॉस्पिटल के संस्थापक एवं जिले के प्रख्यात न्यूरो सर्जन डॉ. शिशिर जायसवाल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण के बाद यश्विक जायसवाल ने पियानो पर राष्ट्रगान की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। पियानो की धुन पर राष्ट्रगान की प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया।
इसके बाद वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उनकी प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम, त्याग और देश के प्रति कर्तव्य की भावना साफ दिखाई दी।

इस अवसर पर वेदांता ग्रुप के डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। सभी को अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वेदांता परिवार हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाता है और इस अवसर पर बच्चों की ओर से देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाते हैं।
विशाल जायसवाल ने आजमगढ़ सहित पूरे प्रदेश और देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में वेदांता ग्रुप के ऋत्विक जायसवाल, आलोक जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य हाफिजपुर पप्पू कुमार यादव, नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रीना पांडेय समेत वेदांता परिवार के शिक्षक, कर्मचारी और नर्सिंग के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
यश्विक जायसवाल की पियानो पर राष्ट्रगान की प्रस्तुति समारोह का खास आकर्षण रही। तिरंगे की शान और देशभक्ति के माहौल के बीच हुई इस प्रस्तुति ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।