
आजमगढ़। मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र की ग्रामसभा पूक में भूमि विवाद के मामले में उपजिलाधिकारी मार्टिनगंज बलराम गुप्ता ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर विवादित स्थल का सघन निरीक्षण किया। उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा-24 के तहत चल रहे वाद के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से प्रशासनिक टीम ने मौके की स्थिति का जायजा लिया।
यह मामला न्यायालय उपजिलाधिकारी, मार्टिनगंज में वाद संख्या T202515060803213 (रामजीत बनाम अन्य) के रूप में विचाराधीन है। पिछली सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने मामले की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए 08 अगस्त 2026 को स्थल निरीक्षण की तिथि निर्धारित की थी।
राजस्व अभिलेखों और भू-नक्शे का किया मिलान
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बलराम गुप्ता ने मौके पर राजस्व अभिलेखों और भू-नक्शे का भौतिक सत्यापन किया। विवादित भूमि की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए संबंधित दस्तावेजों का मौके की स्थिति से मिलान किया गया।
दोनों पक्षों और ग्रामीणों से ली जानकारी
मौके पर मौजूद दोनों पक्षों के लोगों तथा स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर भूमि से संबंधित वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई। प्रशासन की ओर से विवाद के सभी पहलुओं को समझने का प्रयास किया गया, ताकि न्यायालयीन प्रक्रिया में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष निर्णय लिया जा सके।