
प्रेमिका के स्वजन पर मारपीट और चाकू से हमला करने का आरोप, गुप्तांग काटने की कोशिश करने का भी दावा, रौनापार पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बेंगलुरु से दशहरा पर घर लौटा था युवक, सहनूपुर के पास बाजार जाते समय रोककर युवती के परिजनों ने की पिटाई
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक के साथ मारपीट करने और उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने प्रेमिका के स्वजन पर चाकू से हमला कर गुप्तांग काटने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, युवक का गांव की एक युवती से करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। करीब दस महीने पहले युवक रोजी-रोटी के सिलसिले में बेंगलुरु चला गया था। आरोप है कि इसके बाद भी युवती अलग-अलग नंबरों से उससे संपर्क करती थी और शादी के लिए दबाव बनाती थी। युवक के विरोध करने पर युवती द्वारा आत्महत्या की धमकी देने की बात भी तहरीर में कही गई है। युवक का दावा है कि युवती ने मांग में सिंदूर लगाकर अपनी तस्वीर भी उसे भेजी थी।
दशहरा के अवसर पर युवक शनिवार को घर लौटा था। सोमवार की शाम वह बाइक से बाजार जा रहा था। इसी दौरान प्राथमिक विद्यालय सहनूपुर के पास युवती के स्वजन ने कथित तौर पर उसकी बाइक रोक ली। विरोध करने पर उसे लात-घूंसों और डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान चाकू से उसके गुप्तांग पर प्रहार किया गया, लेकिन वह गंभीर चोट से बच गया। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर पूरे गांव में घुमाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित स्वजन वहां से फरार हो गए।
इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। थानाध्यक्ष सुनील दूबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।