
पवई थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव का मामला, बाइक, चेन व एक लाख नकद कि मांग
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने पति समेत चार लोगों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रोशनी पत्नी अमरदीप ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि 15 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे उसके पति अमरदीप, ससुर सूर्यनाथ, जेठ संदीप तथा जेठानी सरिता देवी ने दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसे तब तक घर में नहीं रखने की धमकी दी गई, जब तक वह अपने मायके से एक मोटरसाइकिल, एक लाख रुपये नकद और सोने की चेन लेकर नहीं आती।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसके शादी में मिले जेवरात भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। उसने बताया कि शादी में उसके पिता ने करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे, इसके बावजूद उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक गोपाल जी को सौंपी गई है।