लाटघाट में ट्रक की चपेट में आने से शिक्षक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


यूनियन बैंक के पास रात 8:30 बजे हुआ हादसा, गोरखपुर के चौरी चौरा ब्लॉक में शिक्षक के पद पर तैनात थे देवेश नारायण राय
पीछे छोड़ गए एक बेटा और एक बेटी, हादसे की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जिले के लाटघाट चौकी क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। यूनियन बैंक के पास रात करीब 8:30 बजे ट्रक की चपेट में आने से शिक्षक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शिक्षक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिचितों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान देवेश नारायण राय (42), पुत्र स्वर्गीय हरीश नारायण राय के रूप में हुई है। वह गोरखपुर जनपद के चौरी चौरा ब्लॉक में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की रात वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लाटघाट क्षेत्र में यूनियन बैंक के पास उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
एक बेटा और बेटी को छोड़ गए शिक्षक
देवेश नारायण राय की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने दुखों का पहाड़ खड़ा हो गया है। शिक्षक की दर्दनाक मौत की खबर से उनके परिचितों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *