बाइक की टक्कर से 18 वर्षीय कुणाल की मौत, दो साल पहले पिता का भी हुआ था निधन

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


नरवा पुल पर पैदल घर लौट रहे युवक को बाइक ने मारी टक्कर, ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम
तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था कुणाल, बेटे की मौत से बेसुध हुई मां; हादसे के बाद गांव में पसरा मातम

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मई खरगपुर गांव निवासी 18 वर्षीय कुणाल गौड़ की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। बुधवार शाम गोसाई की बाजार के पास नरवा पुल पर हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। गुरुवार दोपहर ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मई खरगपुर गांव निवासी स्वर्गीय प्रमोद गौड़ का पुत्र कुणाल गौड़ बुधवार शाम करीब सात बजे गोसाई की बाजार से पैदल अपने घर लौट रहा था। वह पुलिस चौकी गोसाई की बाजार के पास नरवा पुल पर पहुंचा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कुणाल सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर गोसाई की बाजार चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टीकरगढ़, लालगंज पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बाइक कब्जे में, चालक गिरफ्तार
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। कुणाल की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो साल पहले पिता की मौत, अब बेटे के बिछड़ने का गम
कुणाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी चार बड़ी बहनें थीं, जिनकी शादी हो चुकी है। भाइयों में अभी किसी की शादी नहीं हुई थी। करीब दो वर्ष पहले ही उसके पिता प्रमोद गौड़ का निधन हो गया था। कुणाल घर पर रहकर खेती-बाड़ी के काम में हाथ बंटाता था, जबकि उसका बड़ा भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में हैदराबाद में रहता है।
पहले पति को खो चुकी मां पर अब जवान बेटे की मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कुणाल की असमय मौत से परिवार का सहारा छिन गया। घर में परिजनों का विलाप थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *