छत से गिरकर 18 माह की मासूम की मौत, ननिहाल में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


बरदह गांव के नोनरा पुरवा में हुआ हादसा, खेलते समय छत से नीचे गिरी बच्ची, सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
चार महीने पहले मां के साथ हरियाणा से ननिहाल आई थी मासूम दिशु, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह, आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के बरदह गांव स्थित नोनरा पुरवा में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 18 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। रिहायशी मकान की छत पर खेल रही बच्ची अचानक नीचे गिर गई। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरदह ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से ननिहाल में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृत बच्ची की पहचान दिशु पुत्री विकास कुमार निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम बच्ची मकान की छत पर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक वह नीचे गिर गई। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल सीएचसी बरदह लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चार महीने पहले मां के साथ आई थी ननिहाल
बताया गया कि दिशु करीब चार महीने पहले अपनी मां उजाला देवी के साथ ननिहाल आई थी। वह अपनी नानी चंद्रपति के साथ रह रही थी। घर पर मौजूद लोगों के मुताबिक, उजाला देवी करीब एक सप्ताह पहले घर पर कुछ बताए बिना कहीं चली गई थीं। इसके बाद से परिजन उनकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उनका पता नहीं चल सका था।
हरियाणा में परिजनों को दी गई सूचना
घटना की जानकारी बच्ची के हरियाणा निवासी परिजनों को दे दी गई है। देर शाम बच्ची का शव घर पहुंचने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। मासूम की असमय मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *