लाटघाट का निवासी था 35 वर्षीय जोगिंदर गोंड, पंचायतनामा के बाद परिजनों ने किया अंतिम संस्कार
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट गांव में गुरुवार तड़के एक 35 वर्षीय हलवाई की पोखरी में डूबने से मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने पोखरी में शव उतराता देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।
मृतक की पहचान जोगिंदर गोंड (35) पुत्र स्वर्गीय मुराली गोंड, निवासी लाटघाट के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार जोगिंदर बुधवार रात घर पर सोया था। भोर करीब तीन बजे वह घर से निकला और पोखरी की ओर चला गया। आशंका है कि अंधेरे में उसका पैर फिसल गया, जिससे वह पोखरी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने पोखरी में शव उतराता देखा। शव से बदबू आने पर लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी करने लगी, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों के आग्रह पर ग्राम प्रधान की मौजूदगी में पंचायतनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया कि जोगिंदर गोंड तीन भाइयों में सबसे छोटा था और शादी-विवाह सहित अन्य आयोजनों में हलवाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद परिजन शव को दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम ले गए, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया।