
मंडलायुक्त विवेक ने खेल सुविधाओं का दायरा बढ़ाने और निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के दिए निर्देश, डीएम रविंद्र कुमार ने पेयजल संकट दूर करने के लिए 4-5 हैंडपंप लगाने को कहा
छात्र-छात्राओं को उनकी मांग के अनुसार भोजन में अंडे देने की व्यवस्था तत्काल लागू करने के निर्देश, अतिरिक्त आवास निर्माण के लिए दो एकड़ भूमि चिह्नित
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। अटल आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ शारीरिक विकास और पौष्टिक भोजन की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर प्रशासन ने जोर दिया है। मंगलवार को आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में विद्यालय के संचालन को लेकर गठित मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। इसमें खेल सुविधाओं के विस्तार, पेयजल व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और अतिरिक्त आवास निर्माण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त विवेक ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय में श्रमिकों के अत्यंत गरीब परिवारों के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में उनके खानपान, पढ़ाई और शारीरिक विकास के लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-5 के अधिशासी अभियंता को अनुरक्षण मद के तहत कराए जाने वाले कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।
जिम, टेबल टेनिस के साथ कबड्डी, क्रिकेट और फुटबॉल की भी सुविधा
मंडलायुक्त ने विद्यालय में प्रस्तावित जिम, टेबल टेनिस और कबड्डी मैट की व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कहा कि यहां पर्याप्त संख्या में बच्चे अध्ययनरत हैं। इसलिए खेल सुविधाओं का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट जैसे अन्य खेलों को भी शामिल करने तथा खेल विभाग से आवश्यक सामग्री की खरीद के लिए स्टीमेट प्राप्त करने का निर्देश दिया।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को विद्यालय के मेस, फैसिलिटी मैनेजमेंट, बेडिंग, खेल सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीद में मात्रा के साथ गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। शिक्षण सत्र के दौरान किसी अध्यापक के खिलाफ शिकायत मिलने पर उसे तत्काल समिति के समक्ष रखने के निर्देश भी प्रधानाचार्य को दिए गए।
बच्चों की मांग पर भोजन में मिलेंगे अंडे
बैठक में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने नवोदय विद्यालय के प्राचार्य से वहां बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की जानकारी ली। इस पर बताया गया कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार सप्ताह में दो दिन अंडे भी दिए जाते हैं। मंडलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं को भी उनकी मांग के अनुसार भोजन में तत्काल प्रभाव से अंडे उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि विद्यालय में अतिरिक्त आवास निर्माण के लिए दो एकड़ भूमि चिह्नित कर ली गई है। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण का स्टीमेट तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
पेयजल संकट दूर करने के लिए लगेंगे 4-5 हैंडपंप
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने विद्यालय में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए कम से कम चार से पांच हैंडपंप स्थापित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दो हैंडपंप हॉस्टल और दो प्रशासनिक भवन में लगाए जाएं। इसके अतिरिक्त एक अन्य हैंडपंप के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित किया जाए।
डीएम ने विद्यालय को जल जीवन मिशन से जोड़ने की संभावनाओं पर भी जोर दिया और इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने समय-समय पर विद्यालय का निरीक्षण करने को भी कहा, ताकि पढ़ाई के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारु बनी रहें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर कंडारकर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार शुक्ल, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. राजेश कुमार आर्य, उप श्रमायुक्त राजीव कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य शशिकांत राय, अटल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य रविशंकर प्रसाद और सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।