
मंडी ले जाने के लिए परवल तोड़ने गए थे गंगा प्रसाद वर्मा, खेत में खंभे के स्टे वायर से लगा करंट
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर महाबल पट्टी गांव की घटना, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर महाबल पट्टी गांव में मंगलवार तड़के खेत में करंट की चपेट में आने से 52 वर्षीय गंगा प्रसाद वर्मा की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी गंगा प्रसाद वर्मा पुत्र विश्वनाथ वर्मा खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार सुबह वह मंडी ले जाने के लिए खेत में परवल तोड़ने गए थे। इसी दौरान खेत में लगे बिजली के खंभे के स्टे वायर में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर वह बुरी तरह झुलस गए।
घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें किसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा, रानीपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गंगा प्रसाद तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।