
कोटवारी गांव के पास चिरैयाकोट-खरिहानी मार्ग पर हुआ हादसा, एक घायल की हालत गंभीर; परिवार में मचा कोहराम
बोगरिया से खरिहानी जा रहे 28 वर्षीय विवेकानंद यादव की गई जान, दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। कोटवारी गांव के पास हुए इस हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी विवेकानंद यादव (28) पुत्र श्याम नारायण उर्फ श्याम यादव बाइक से बोगरिया से खरिहानी की ओर जा रहे थे। सोमवार शाम कोटवारी गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विवेकानंद की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर देवगांव निवासी रोहित मौर्य पुत्र मुन्ना, ऋषभ पुत्र आत्मा और अनिल गौड़ सवार थे। हादसे में तीनों घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बोगरिया चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दो भाइयों और पांच बहनों में छठे नंबर पर थे विवेकानंद
विवेकानंद यादव दो भाइयों और पांच बहनों में छठे नंबर पर थे। उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।