
मार्टीनगंज, आजमगढ़। उपजिलाधिकारी मार्टीनगंज ने मंगलवार को न्यायालय में विचाराधीन विभिन्न राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से संबंधित विवादित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य मौके की वास्तविक स्थिति का आकलन कर विधिक तथ्यों की पुष्टि करना रहा।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान ग्राम कादनपुर से संबंधित न्यायालय में विचाराधीन श्रीपत बनाम गाँव सभा वाद के स्थल का निरीक्षण किया गया। वहीं ग्राम अजाउर में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 116 के अंतर्गत श्यामले बनाम ग्राम पंचायत वाद में सीमांकन एवं पैमाइश से जुड़े स्थल की जांच की गई।

इसके अलावा धारा 116 (बंटवारा) एवं अन्य राजस्व मामलों से संबंधित पत्रावलियों के आधार पर भी आवश्यक स्थलीय निरीक्षण और कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण से प्राप्त आख्या के आधार पर सभी मामलों में नियमानुसार एवं गुण-दोष के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लंबित राजस्व वादों का शीघ्र और निष्पक्ष निस्तारण किया जा सके।