स्वतंत्रता दिवस का जश्न मातम में बदला, सड़क हादसे में बीएससी छात्र की मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


बयासी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, मित्र गंभीर; दूसरा बाइक सवार मौके से फरार
आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार दोपहर सिधारी थाना क्षेत्र के बयासी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में बेलहटा गांव निवासी 22 वर्षीय मयंक गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका मित्र अभय यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाला दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
मयंक गौतम समेंदा स्थित एक पीजी कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कॉलेज गया था। दोपहर करीब दो बजे वह जहानागंज थाना क्षेत्र के बुद्धा गांव निवासी अपने मित्र अभय यादव के साथ बाइक से घर लौट रहा था।
बताया गया कि बयासी गांव के पास पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि मयंक और अभय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे बाइक सवार को भी चोटें आईं, लेकिन वह मौके से भाग निकला।
सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने मयंक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभय की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची सिधारी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी है। इधर, मयंक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस दिन परिवार स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा था, उसी दिन बेटे की मौत की खबर ने खुशियां मातम में बदल दीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *