
पिकअप को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बस, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से टकराई; कई यात्रियों की हालत गंभीर
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक और एक महिला यात्री की मौत हो गई। हादसे में बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस के पिलर से टकराते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
लखनऊ से बलिया जा रही थी रोडवेज बस
जानकारी के अनुसार बेल्थरा रोड डिपो की रोडवेज बस लखनऊ से बलिया के लिए रवाना हुई थी। बस को लखनऊ से आजमगढ़ होते हुए बलिया जाना था। देर रात बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आजमगढ़ की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान स्टोन नंबर 191 के पास बस के आगे चल रहे एक पिकअप वाहन की गति अचानक अनियंत्रित हो गई।
पिकअप को बचाने में बिगड़ा बस का संतुलन
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन को अचानक अनियंत्रित होते देखकर बस चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। उस समय बस तेज गति में थी। चालक ने बस को नियंत्रित करने की काफी कोशिश की, लेकिन बस लहराते हुए एक्सप्रेसवे किनारे बने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों से गिर पड़े और कुछ बस के अंदर ही फंस गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस टीम
हादसे की सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस टीम और पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और राहतकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल और आसपास के स्थानीय अस्पतालों में भेजा गया।
चालक और महिला यात्री की मौके पर मौत
पवई थानाध्यक्ष के अनुसार हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में रोडवेज बस चालक रजनीकांत 35 निवासी मधुबन जिला मऊ और एक महिला यात्री शामिल हैं। वहीं, बस में सवार करीब तीन दर्जन यात्री घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
घायलों के नाम व उम्र:
अंजू बरनवाल – 54 वर्ष
हर्ष बरनवाल – 25 वर्ष
सोविका – 18 वर्ष
सुनीता – 22 वर्ष
नितांजलि यादव – 16 वर्ष
रंभा – 38 वर्ष
आनंद – 19 वर्ष
शुभम सेकर – 12 वर्ष
रुचि – 3 वर्ष
रुदल – 45 वर्ष
प्रिंस यादव – उम्र दर्ज नहीं
गुंसन – 23 वर्ष
अनुष्का – 18 वर्ष
सुशील – 41 वर्ष
श्वेता – 22 वर्ष
कौशल किशोर दुबे – 62 वर्ष
भगवती – 38 वर्ष
अंकिता – 20 वर्ष
सृष्टि – 21 वर्ष
गोलू – 15 वर्ष
संजू – 17 वर्ष
प्रियंका श्रीवास्तव – 36 वर्ष
स्वाति श्रीवास्तव – 14 वर्ष
बृजेश चौहान – 20 वर्ष
निशा यादव – 30 वर्ष
उर्मिला – 30 वर्ष
नितियावती दुबे – 45 वर्ष
सतीश मौर्य – 21 वर्ष
अखिलेश तिवारी – 28 वर्ष
प्रतिमा प्रजापति – 18 वर्ष
श्रेया यादव – 19 वर्ष
पवन कुमार श्रीवास्तव – 50 वर्ष
शिवानी – 21 वर्ष
कमलेश – 45 वर्ष
दुर्घटनाग्रस्त बस हटाने में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटनाग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे में जान गंवाने वाले चालक और महिला यात्री की पहचान की जा रही है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी हादसे की असली वजह
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह बस के आगे चल रहे पिकअप वाहन के अचानक अनियंत्रित होने और उसे बचाने के प्रयास को बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। मृतकों के नाम और घायलों की पूरी सूची समेत घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

