ई-रिक्शा पलटने से 14 वर्षीय छात्रा की मौत, सहेली घायल

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


छात्राओं के ऊपर जा गिरा अनियंत्रित ई-रिक्शा, गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी तबीयत
मुबारकपुर। कस्बे के मिल्लत नगर में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा की चपेट में आने से पैदल जा रही 14 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली घायल हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने ई-रिक्शा चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ई-रिक्शा कब्जे में लेकर छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूरा रानी मोहल्ला निवासी इरफान की 14 वर्षीय पुत्री खदीजा कस्बे के एक गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा आठ की छात्रा थी। वह एक भाई और पांच बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं।
बताया गया कि गुरुवार दोपहर खदीजा अपनी सहेली नूराशा (14) पुत्री मुमताज और अन्य छात्राओं के साथ पैदल मिल्लत नगर स्थित अपनी सहेली के घर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा छात्राओं के ऊपर जा गिरा। खदीजा उसके नीचे दब गई और सिर में गंभीर चोट लग गई। नूराशा भी घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। खदीजा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे निजी वाहन से मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
थानाध्यक्ष शशि चंद चौधरी ने बताया कि ई-रिक्शा चालक और वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *