
एसपी सिटी मधुकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शिविर का शुभारंभ, बोले-रक्तदान से बचाई जा सकती है किसी की जिंदगी
आजमगढ़। रविवार को पुरानी कोतवाली स्थित श्री अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार में अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार कमेटी की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एसपी सिटी मधुकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ फीता काटकर किया। इस दौरान रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान अत्यंत पुनीत कार्य है। जरूरत के समय रक्त किसी व्यक्ति की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से कम से कम छह महीने में एक बार रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से कमजोरी आती है, यह महज एक मिथक है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त के निर्माण की प्रक्रिया होती है और यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।

शिविर में अग्रवाल समाज के सदस्यों ने 46 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान करने के लिए बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचे और बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजकों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम में अग्रवाल हितकारी ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, गौरव मित्तल, अमन गर्ग, रितेश गोयल, पंकज अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, अजय अग्रवाल, हर्षित, सुमित, मानस और रवि सहित अग्रवाल समाज के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिविर के माध्यम से आयोजकों ने लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए समाज में जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आने का संदेश दिया।