बरदह के भूलनडीह गांव में दंगल प्रतियोगिता, 54 पहलवानों ने दिखाया दमखम

Sports आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


फाइनल मुकाबले में जौनपुर के केसरी राजबहादुर और गढ़वारेबीर पहलवान मोनू के बीच बराबरी पर छूटी कुश्ती, मेले में उमड़ी भीड़

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह (आजमगढ़)। बरदह क्षेत्र के भूलनडीह गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को पित्त विसर्जन पर्व के अवसर पर श्रीश्री 1000 बारी के डीह बाबा सनातन दंगल कुश्ती प्रतियोगिता एवं मेले का आयोजन किया गया। एक दिवसीय इस आयोजन में आजमगढ़ सहित आसपास के कई जिलों से आए 54 पहलवानों ने हिस्सा लिया। वहीं, क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने कुश्ती प्रतियोगिता और मेले का आनंद लिया।
दंगल में जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, सैदपुर और वाराणसी समेत कई क्षेत्रों के पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका डॉ. रामधीन और सुभाष यादव ने निभाई, जबकि कमेटी की जिम्मेदारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने संभाली।


प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक आजाद अरिमर्दन ने किया। दंगल का फाइनल मुकाबला जौनपुर जनपद के धर्मापुर निवासी पहलवान केसरी राजबहादुर और गढ़वारेबीर पहलवान मोनू के बीच हुआ। दोनों पहलवानों के बीच पांच-पांच मिनट के चार दौर तक कड़ा मुकाबला चला, लेकिन अंत में कुश्ती बराबरी पर छूटी।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष राजबहादुर उपाध्याय, रणजीत राय, कोषाध्यक्ष रजनीश राय, महाराजचंद्र, गुलशन कुमार, पप्पू, दीपचंद्र, अमित बिंद, संदीप कुमार, गौतम प्रधान और दारा राम समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
उधर, मेले में महिलाओं और युवतियों ने सौंदर्य प्रसाधन सहित अन्य सामानों की खरीदारी की। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया और लोगों ने जलेबी समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों का लुत्फ उठाया। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी एहतियातन मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *