500 मीटर सड़क गड्ढों में तब्दील, हल्की बारिश में भर जाता है पानी
आजमगढ़। कस्बा फूलपुर से सटे मुड़ियार गांव के बीच स्थित प्राचीन मुंडेश्वर नाथ शिव मंदिर जाने वाला मार्ग बदहाल स्थिति में है। मंदिर तक जाने वाली करीब 500 मीटर सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुंडेश्वर नाथ शिव मंदिर क्षेत्र की प्रमुख आस्था का केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जबकि सावन माह में कांवरियों और शिवभक्तों की भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। फूलपुर नगर से निजामाबाद मार्ग स्थित ईदगाह की ओर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन साइकिल और बाइक सवार गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। सावन में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासी मो. सैफ, दीपू जायसवाल, राजू कुमार, रिंकू राजभर और संतोष कुमार सहित अन्य लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करते हुए मुंडेश्वर नाथ रोड की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।