
19 अक्टूबर को चौको बाजार में मंदिर से दर्शन कर लौटते समय हुआ था हमला, वाराणसी में इलाज के दौरान तोड़ा दम
11 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा, चार गिरफ्तार, एक आरोपी अंकित यादव पुलिस मुठभेड़ में हुआ था घायल
हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी/आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के पारनकुंडा गांव निवासी रामप्रसाद यादव उर्फ बबलू (पुत्र रघुनाथ यादव) की रविवार देर शाम वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 19 अक्टूबर 2026 को चौको बाजार में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रामप्रसाद यादव 19 अक्टूबर को कालिका मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद शाम करीब पांच बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान चौको बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने उन पर और उनके भाई प्रशांत पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों घायल हो गए। रामप्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
रामप्रसाद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया था। वहां उपचार के दौरान रविवार देर शाम उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल अंकित यादव दो दिन बाद जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अम्मा आइमा गांव के पास पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था।
रामप्रसाद अपने पीछे पत्नी नीलम और पांच साल की एक बेटी छोड़ गए हैं। उनके भाई प्रशांत (27) भी मारपीट की घटना में घायल हुए थे। रामप्रसाद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गांव में पुलिस तैनात, स्थिति पर रखी जा रही नजर
जीयनपुर कोतवाली की लाटघाट चौकी के प्रभारी जाफर खान ने बताया कि रामप्रसाद की मौत की सूचना मिली है। परिजन वाराणसी से शव लेकर गांव के लिए रवाना हो गए थे। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। चौकी प्रभारी के अनुसार, दरोगा सुमित सहित पुलिसकर्मियों को गांव में लगाया गया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। पुलिस गांव की गतिविधियों पर नजर रख रही है।