पूर्व विधायक विश्वनाथ सिंह और जनसेवी वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ की पुण्यतिथि पर होगा वृहद कार्यक्रम

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर


21 अगस्त को जहानागंज के विंध्य मैरिज लॉन में श्रद्धांजलि सभा के साथ लगेगा निशुल्क चिकित्सा शिविर, पौधों का भी होगा वितरण
आजमगढ़। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं जनसेवी स्वर्गीय वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ की पुण्यतिथि पर 21 अगस्त को श्रद्धांजलि सभा और निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। जहानागंज स्थित विंध्य मैरिज लॉन में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाला कार्यक्रम देर शाम तक चलेगा।
कार्यक्रम आयोजक वर्षम प्रताप सिंह ने बताया कि उनके दादाजी स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह और पिता स्वर्गीय वेद प्रकाश सिंह ‘लल्ला’ ने आदर्श, संघर्ष, सेवा और सामाजिक सरोकारों की जो विरासत छोड़ी है, उसे आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। श्रद्धांजलि सभा में दोनों दिवंगतों के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
कई विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
जनसेवा की भावना से आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों की जांच और चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। नेत्र रोग विभाग में डॉ. राजकुमार सिंह व उनकी टीम, हड्डी रोग में डॉ. मनीष त्रिपाठी व उनकी टीम तथा जनरल फिजिशियन के रूप में डॉ. बीके चौहान और डॉ. संतोष सिंह सेवाएं देंगे। बाल रोग विभाग में डॉ. नरेंद्र यादव तथा नाक-कान-गला रोग विभाग में डॉ. आशुतोष सिंह मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देंगे।
पर्यावरण संरक्षण का भी दिया जाएगा संदेश
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देने के लिए पौधों का वितरण भी किया जाएगा। आयोजक ने लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर दिवंगत पुण्यात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने और जनसेवा के इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *