मंदिर के गर्भगृह से मुकुट, नथुनी और नगदी चोरी करने वाली शातिर अभियुक्ता गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


सरायमीर पुलिस ने किया घटना का खुलासा, झाड़ियों में छिपाकर रखा चोरी का सामान बरामद

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। नई बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में चोरी की घटना का सरायमीर पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अंतर्जनपदीय शातिर अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मंदिर से चोरी किया गया चांदी का मुकुट, पीली धातु की नथुनी और 403 रुपये नकद बरामद किए हैं। अभियुक्ता के खिलाफ जौनपुर और अंबेडकरनगर के विभिन्न थानों में चोरी समेत सात मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर को दोपहर करीब 2:38 से 2:45 बजे के बीच नई बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। अभियुक्ता मुख्य द्वार से मंदिर में दाखिल हुई और रामदरबार व दुर्गा माता के गर्भगृह में पहुंचकर वहां रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी करने के बाद उसने सामान को एक स्थान पर झाड़ियों में छिपा दिया था।

घटना के संबंध में छह सितंबर को सरायमीर थाने में मुकदमा संख्या 227/2026 के तहत धारा 305(डी) बीएनएस में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

ये सामान हुआ बरामद
सफेद धातु का एक चिपटा मुकुट
पीली धातु की एक नथुनी, जिसमें सफेद और काला नग लगा है
403 रुपये नकद

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ जौनपुर और अंबेडकरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी के माल से संबंधित अपराध और आबकारी अधिनियम के तहत कुल सात मुकदमे पूर्व में दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *