स्वास्थ्य सेवाओं में पैरामेडिकल कर्मियों की भूमिका अहम : कृष्णमुरारी

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


आईपीए के स्थापना दिवस एवं फिजियोथेरेपी-डे समारोह में चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों का हुआ सम्मान, मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। हरवंशपुर स्थित सिंहासिनी वाटिका के सभागार में मंगलवार को इंडियन पैरामेडिकल एसोसिएशन (आईपीए) का स्थापना दिवस एवं फिजियोथेरेपी-डे समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं में पैरामेडिकल कर्मियों की भूमिका और फिजियोथेरेपी की बढ़ती उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णमुरारी विश्वकर्मा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में इनका योगदान सराहनीय है। कोरोना महामारी के दौरान भी पैरामेडिकल कर्मियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
उन्होंने ग्रामीण चिकित्सकों को प्रशिक्षित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर पहल किए जाने का भरोसा दिलाया।
मानवता की सेवा के लिए कृतसंकल्पित है आईपीए : सूरज प्रकाश
भाजपा लालगंज जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प को और मजबूत करने का दिन है। आईपीए मानवता की सेवा के लिए कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। मरीजों को स्वस्थ जीवन की ओर लौटाने में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने एसोसिएशन की लंबित मांगों को शासन तक पहुंचाकर उनके समाधान का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य सेवा के साथ मानवता की सेवा का आह्वान
कार्यक्रम को डॉ. नीतीश यादव, डॉ. बीके पटेल और डॉ. विजय कुमार त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। उन्होंने एसोसिएशन के सदस्यों से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मानवता की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश संयोजक मुकेश यादव ने अतिथियों और उपस्थित चिकित्सकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन पैरामेडिकल क्षेत्र को मजबूत करने और समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
समारोह के अंत में भाजपा नेताओं को एसोसिएशन की विभिन्न मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपा गया। पदाधिकारियों ने मांगों को शासन तक पहुंचाकर समाधान कराने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर डॉ. केआर सक्सेना, डॉ. राजन, डॉ. राहुल, डॉ. बी. प्रसाद, डॉ. रामकेश, डॉ. प्रमोद, डॉ. विवेक, डॉ. संतोष, डॉ. भानु, डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. राणा, डॉ. जय हिंद, डॉ. बीएल उपाध्याय, डॉ. शिवचरण गुप्ता, डॉ. अब्दुल्ला, डॉ. अवधेश, डॉ. एस. प्रकाश, डॉ. रामचेत, डॉ. प्रवेश, डॉ. हरिचंद, मनोज यादव, उमेश विश्वकर्मा, रामकेश यादव सहित अन्य चिकित्सक और एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *