
युवाओं ने नशे से दूर रहने के साथ समाज को जागरूक कर अभियान को जन-आंदोलन बनाने का लिया संकल्प
आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ परिसर में बुधवार को ‘नशा मुक्त भारत फॉर विकसित भारत युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
नशे के सामाजिक और व्यक्तिगत नुकसान बताए
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नशा मुक्त वॉरियर अरुण कुमार राय और यूथ आइकॉन रश्मि रंजन साहू ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। अरुण कुमार राय ने नशे की लत से होने वाले सामाजिक और व्यक्तिगत नुकसान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
यूथ आइकॉन रश्मि रंजन साहू ने विकसित भारत की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मजबूत राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है, जब देश की युवा शक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने का आह्वान किया।
150 से अधिक स्वयंसेवकों ने ली शपथ
कार्यक्रम महज जागरूकता गोष्ठी तक सीमित नहीं रहा। परिसर में मौजूद 150 से अधिक स्वयंसेवकों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे खुद नशे से दूर रहेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। युवाओं ने नशा मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
विश्वविद्यालय के शिक्षक और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. संजीव कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक समरदीप सक्सेना, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. देवेंद्र कुमार पांडेय, डॉ. शशि प्रकाश शुक्ला, डॉ. हरेंद्र सिंह प्रजापति, डॉ. मनीषा सिंह, डॉ. सचिन कुमार राय और डॉ. रोहित पांडेय समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।