
तेज बारिश के बीच हुआ हादसा, ननिहाल में रह रही सलोनी की मौत से परिजनों में मचा कोहराम
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के व्योहरा गांव में गुरुवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
कपड़े उतारने छत पर गई थी सलोनी
व्योहरा गांव में ननिहाल में रह रही सलोनी गुरुवार शाम बारिश के दौरान छत पर कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान तेज बारिश के साथ बिजली की जोरदार गड़गड़ाहट हुई और सलोनी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलसकर छत पर गिर पड़ी।
सलोनी के साथ कुछ दूरी पर कपड़े उठा रही आरती बाल-बाल बच गई। सलोनी को गिरता देख आरती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर परिजन दौड़कर छत पर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन आनन-फानन में सलोनी को सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय लालगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
दिल्ली में रहते हैं माता-पिता
बताया गया कि सलोनी के माता-पिता सरिता और अजय कुमार दिल्ली में रहते हैं। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटी थी। बड़ा भाई करण कुमार अहमदाबाद और किशन कुमार मुंबई में निजी नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली क्षेत्र के धरांग गांव निवासी बाबा कांता सरोज समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपनों को खोने के गम में परिजन रोते-बिलखते रहे।