
गुरुटोला वार्ड में विकास कार्यों को लेकर सभासद मोहम्मद अफजल ने ईओ को सौंपा मांग-पत्र, सफाई और सूअरों की समस्या का भी उठाया मुद्दा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के वार्ड संख्या-07 गुरुटोला की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सभासद एवं जिला योजना समिति सदस्य मोहम्मद अफजल ने अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार सिंह से मुलाकात की। उन्होंने वार्ड की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराते हुए सड़क, नाली, प्रकाश और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए मांग-पत्र सौंपा।
सभासद ने अनन्तपुरा और गुरुटोला सहित वार्ड के विभिन्न हिस्सों में टूटी नालियों की पट्टियों, क्षतिग्रस्त सीसी रोड और इंटरलाकिंग की मरम्मत व निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने विज्ञान साहू की दुकान के पास, सम्मो माता मंदिर के समीप, राजेश अस्थाना, मुनीश अस्थाना, लल्लू सोनकर, बादामी सोनकर, गुरुटोला में लाडले के घर के सामने, दिनेश पेंटर और फरीद अहमद के घरों के आसपास तथा कटरा त्रिमोहानी छोटी की दुकान के आसपास के स्थानों को चिह्नित कराया।
इन स्थानों पर नाली और सड़क की पट्टियां क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सभासद ने मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारा के आसपास भी नाली निर्माण एवं इंटरलाकिंग कार्य कराने की आवश्यकता बताई।
अंधेरी गलियों को रोशन करने की मांग
सभासद ने बताया कि वार्ड के अधिकांश विद्युत पोल पर लगी स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। इसके कारण कई गलियों और संपर्क मार्गों पर शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। आगामी विजयदशमी और दीपोत्सव पर्व को देखते हुए उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने की मांग की।
इसके अलावा वार्ड में खुलेआम घूम रहे सूअरों की समस्या से भी ईओ को अवगत कराया गया। उन्होंने सूअरों को पकड़वाने, सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई कराने तथा विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की मांग रखी।
सभासद मोहम्मद अफजल ने कहा कि वार्डवासियों को बेहतर सड़क, नाली, सफाई, प्रकाश और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का आग्रह किया। इस पर ईओ डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने संबंधित समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।