फर्जी सीओ बनकर शराब ठेका दिलाने का झांसा, 90 हजार की ठगी

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


तीन लाख 20 हजार रुपये मांगे थे, पुलिस वर्दी पहनकर करता था वीडियो कॉल — पांचवीं पास आरोपी गिरफ्तार

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुद को सीओ बताकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने तीन लाख 20 हजार रुपये की मांग कर पीड़ित से 90 हजार रुपये नकद ऐंठ लिए थे। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो कूटरचित पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेके का फर्जी आवंटन पत्र, पुलिस की वर्दी और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 17 सितंबर को तहरीर देकर बताया कि संजय नामक व्यक्ति ने खुद को पुलिस का सीओ अधिकारी बताते हुए शराब का ठेका दिलाने के नाम पर तीन लाख 20 हजार रुपये की मांग की थी। आरोप है कि 30 अगस्त को उसने 90 हजार रुपये नकद भी ले लिए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक सितंबर को पुलिस की वर्दी पहनकर मोबाइल से वीडियो कॉल की थी। वीडियो कॉल के दौरान उसने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए पीड़ित को अपने प्रभाव में लिया। बाद में जब पीड़ित ने उसके बारे में जानकारी की तो उसके पुलिस अधिकारी न होने का खुलासा हुआ।
वर्दी और फर्जी आईडी से जमाता था रौब
पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस अधिकारी, खासकर सीओ/डिप्टी एसपी की वर्दी पहनकर लोगों को वीडियो कॉल करता था। फर्जी पहचान पत्र दिखाकर खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी बताता और अपने पद व प्रभाव के जरिए शराब का ठेका तथा नौकरी दिलाने का दावा करता था। इसके बाद अलग-अलग काम कराने के नाम पर रकम की मांग कर ठगी करता था।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गम्भीरपुर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मुखबिर की सूचना व आरोपी की लोकेशन के आधार पर 18 सितंबर को रानीपुर रजमों मोड़ के पास से संजय पुत्र स्व. श्रीराम, निवासी मगरावा, थाना गम्भीरपुर, उम्र करीब 40 वर्ष को दोपहर 12:10 बजे गिरफ्तार किया।
पहले भी दर्ज है धोखाधड़ी का मुकदमा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार संजय के खिलाफ वर्ष 2017 में भी गम्भीरपुर थाने में धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्तमान मामले में उसके खिलाफ धारा 318(4), 319(2) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी के अन्य मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *