
20 गांवों की जीवनरेखा बनी मुसीबत, सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
आजमगढ़। मालटारी क्षेत्र में वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क को लेकर रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। भदाव गांव से मालटारी बाजार तक सैकड़ों ग्रामीणों ने पैदल मार्च निकालकर सड़क निर्माण की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि मालटारी बाजार से भदाव, कुदारन और रामगढ़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पिछले कई वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है। यह सड़क करीब 20 गांवों के हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी संजय राय ने कहा कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं प्रभाकर राय ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे और जलभराव के चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों की जान जोखिम में बनी रहती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि इतनी महत्वपूर्ण सड़क होने के बावजूद इसकी मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण के लिए गंभीर पहल नहीं की गई।
अंजेश राय ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल एवं प्रशासन से सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्रदर्शन की सूचना पूर्व में विधायक को दी गई थी। उनकी ओर से प्रतिनिधि भेजने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन प्रदर्शन स्थल पर कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण की दिशा में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रीय जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन में अनुराग चौरसिया, विवेक यादव, उमेश कुमार, हरिनंदन मिश्रा, अंकित राय, नीरज मौर्य, प्रभाकर राय, सूरज प्रजापति, शुभम, शिवम गौड़, संदीप यादव, दिनेश कुमार, उपेंद्र कुमार राय, अजीत कुमार राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।