भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम : विनोद राय

आजमगढ़ शहर राजनीत
  • नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष का जिले में हुआ भव्य स्वागत
  • हरिऔध कला केंद्र में आयोजित हुआ स्वागत समारोह

आजमगढ़ । भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष गोरखपुर विनोद राय का सोमवार को प्रथम जनपद आगमन हुआ। जनपद आगमन पर नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष का भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। हरिऔध कला केंद्र में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। वहीं गोरखपुर से आजमगढ़ आते समय रास्ते में भी भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह अभिनंदन किया।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व मे बिजरवा के पास हजारो की सँख्या में कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। हरिऔध कला भवन में आयोजित समारोह में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा था। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उसकी सबसे बड़ी पूंजी है और संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के सुशासन में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि विनोद राय के नेतृत्व में गोरखपुर क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रवाद, सेवा और सुशासन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. संतोष कुमार सिंह, सत्येंद्र राय, घनश्याम पटेल, देवेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह अखिलेश कुमार मिश्रा गुड्डू, जयनाथ सिंह, सच्चिदानंद सिंह, हवलदार सिंह, अरविंद जायसवाल, मंजू सरोज,बंदना सिंह ,श्री कृष्ण पाल, प्रेम प्रकाश राय, ऋषिकांत राय, कल्पनाथ पासवान, रामदर्शन यादव, माला द्विवेदी, ऋषिकेश दूबे, पवन सिंह मुन्ना, अवनीश मिश्रा, आनन्द सिंह, विवेक निषाद, जितेंद्र राय हेमेद्र सिंह, अवनीश चतुर्वेदी मृगांक शेखर सिन्हा समेत काफ़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *