राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में सरकार बरत रही लापरवाही : जितेंद्र हरि

आजमगढ़ शहर

  • भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने जुलूस निकाल सौंपा 17 सूत्री मांगपत्र
  • चढ़वा चोरी मामले में बड़ो को बचाने का लगाया आरोप

आजमगढ़। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने सोमवार को जुलूस निकाला। कलेक्ट्रेट क्षेत्र में चक्रमण के बाद भाकपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित 17 सूत्री मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी अपने राज्यव्यापी अभियान के तहत सोमवार को अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा व दान की धनराशि की बड़े पैमाने पर चोरी और इस लूट कांड में बड़े लोगों को बचाने, महंगाई के साथ ही उप्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलित रही। कार्यकर्ताओ ने कलेक्ट्रेट क्षेत्र में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और फिर जिलाधिकारी के माध्यम से 17 सूत्री मांग पत्र राष्ट्रपति को प्रेषित किया। इस दौरन पार्टी जिला सचिव जितेंद्र हरि पाण्डेय ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले में शासन और प्रशासन द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है।मामला उजागर होने पर पहले प्राथमिकी दर्ज न होकर सीधे एसआईटी बना दी गई। जिससे मामले की लीपापोती करके इस लूट में शामिल बड़े लोगों को बचाया जा सके। भाकपा की मांग है कि राम मंदिर चढ़ावा लूटकांड घटना की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में न्यायिक जांच दल का गठन करके हो। फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना कर इस मामले की नियमित सुनवाई करके दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाय। राम मंदिर न्यास समिति को भाजपा, आरएसएस से मुक्त कराकर नियमित पुजारियों को सौंपा जाय और चढ़ावे की धनराशि को जनहित में खर्च किया जाय।

राज्य सचिव मंडल सदस्य हामिद अली ने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार अब तक एक लाख प्राथमिक सरकारी स्कूल बंद किए जा चुके हैं। लखनऊ के अलीगंज कोचिंग में काल के गाल में समा गए 18 छात्रों के जिम्मेदार लोगों पर कठोरतम कार्यवाही हो। पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाय और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से बिना देरी इस्तीफा दें।

किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग ने कहा कि किसानों को समय से खाद, बिजली, पानी के साथ ही फसलों की एमएसपी की गारंटी सुरक्षित हो। बढ़ती मंहगाई पर रोक लगाई जाय। ग्रामीण खेत मजदूरों को वर्ष में 200 दिन काम की गारंटी और 700 रुपये मजदूरी दी जाय और 55 वर्ष से ऊपर मजदूरों, किसानों को 6 हजार मासिक पेंशन की गारंटी दी जाय। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों, महिलाओं आदि कमजोर वर्गों का उत्पीड़न बंद किया जाए।

इस अवसर पर खरपत्तू राजभर, श्यामा शर्मा, जीयालाल, मंगलदेव यादव, त्रिलोकीनाथ, दिनेश पाण्डेय, रामअवध यादव, हरिगेन राम, अशोक कुमार यादव, गंगादीन, प्रदीप कुमार, अजय तिवारी, शोभनाथ, सुबास यादव, रामनेत आदि मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *