आजमगढ़ में छात्रा आत्महत्या मामले में प्रधानाचार्य गिरफ्तार, पहले पकड़ा जा चुका है कक्षा अध्यापक

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


फीस और अन्य बातों को लेकर नाबालिग छात्रा को प्रताड़ित करने का आरोप, सिधारी पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को भेजा न्यायालय

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। फीस और अन्य बातों को लेकर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा को कथित रूप से अपमानित किए जाने और इसके बाद विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या करने के मामले में सिधारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मां जगेश्वरी देवी इंटर कॉलेज, शाहगढ़ के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इसी मामले में कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार को भी गिरफ्तार कर चुकी है। प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में नामजद दोनों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को थाना सिधारी में प्राप्त प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया था कि विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव और कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार द्वारा फीस एवं अन्य बातों को लेकर आए दिन नाबालिग छात्रा को अपमानित किया जाता था। आरोप है कि इसी से क्षुब्ध होकर छात्रा ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी।
इस संबंध में थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 448/26 धारा 107 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान मंगलवार को उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाचार्य अखिलेश यादव को सुबह करीब 10:55 बजे हिरासत में ले लिया। वह मुबारकपुर थाना क्षेत्र के निबी बुजुर्ग गांव के निवासी हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
गौरतलब है कि इस मामले में कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार को 8 नवंबर को ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *