
दारा सिंह चौहान बोले- शिक्षित और संस्कारवान कायस्थ समाज का शिक्षा, प्रशासन, राजनीति समेत हर क्षेत्र में अहम योगदान
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर के हीरापट्टी स्थित भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर परिसर में हवन-पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भगवान श्री चित्रगुप्त जी का पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और समाज के कल्याण की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का खास आकर्षण बच्चों की संस्कृत प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने संस्कृत भाषा में विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों की मनमोहक झलक पेश की। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दारा सिंह चौहान ने कहा कि कायस्थ समाज शिक्षित, जागरूक और संस्कारवान समाज के रूप में जाना जाता है। शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, चिकित्सा, न्यायपालिका समेत विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों ने अपनी प्रतिभा और कार्यक्षमता से महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग बड़े-बड़े पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने के साथ ही विभिन्न वर्गों की मदद और सामाजिक उत्थान में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार ही किसी भी समाज की वास्तविक ताकत होते हैं। बच्चों द्वारा संस्कृत में प्रस्तुतियां देना भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सराहनीय माध्यम हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर, भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, पूर्व आईएमए अध्यक्ष डॉ. निर्मल श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सूरज प्रकाश श्रीवास्तव एवं पूर्व सांसद संतोष सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट ने की, जबकि संचालन विवेक श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अशोक कुमार अस्थाना, संतोष कुमार श्रीवास्तव, प्रह्लाद लाल श्रीवास्तव, डॉ. नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, रविशंकर लाल, सर्वेश श्रीवास्तव, अजीत प्रसाद वर्मा, मनोज कुमार अस्थाना, अशोक कुमार श्रीवास्तव, विनय कुमार श्रीवास्तव, श्रीकृष्ण स्वरूप श्रीवास्तव, संजय स्वरूप श्रीवास्तव, पीएम श्रीवास्तव, नीतू श्रीवास्तव, नागेंद्र लाल श्रीवास्तव, रामनारायण लाल, अजय वर्मा, दुर्गेश श्रीवास्तव, डॉ. भक्तिवत्सल, घनश्याम पटेल और ऋतिक जायसवाल समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
अंत में प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी से समाज में एकता, सद्भाव, सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।